
कैबिनेट मंत्री के क्षेत्र में बदहाल सड़क, ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर किया अनोखा विरोध
सरगुजा, लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुहपुटरा के आश्रित ग्राम चिलबिल पंडोपारा में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। ग्राम पुहपुटरा से पंडोपारा होते हुए सिंगीटाना जाने वाली सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने सड़क को ही खेत का रूप देते हुए उसमें धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का विधानसभा क्षेत्र है, बावजूद इसके वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हो सकी। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता और जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही क्षेत्र की समस्याओं को भुला दिया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं। लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप सड़क पर धान की रोपाई कर अपनी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क के आसपास विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के लगभग 10 परिवार निवास करते हैं। बरसात के दिनों में सड़क इतनी खराब हो जाती है कि बीमार व्यक्ति या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए 1 से 2 किलोमीटर तक खाट पर उठाकर ले जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना भी संभव नहीं हो पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई, जबकि सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्रवाई पर टिकी है।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












