
अंबिकापुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन !
SHAIF FIRDOUSI -अंबिकापुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। 15 दिनों के एकांतवास और नवयौवन दर्शन के बाद भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। रथयात्रा के दर्शन के लिए शहरभर से हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

रथयात्रा का शुभारंभ श्री जगन्नाथ मंदिर मार्ग (तिवारी बिल्डिंग) से हुआ। इसके बाद यात्रा जोड़ा पीपल, आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, ब्रह्म रोड, राम मंदिर रोड, जय स्तंभ चौक और महामाया चौक से होते हुए पुनः संगम चौक पहुंची। यात्रा का समापन दुर्गा बाड़ी में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए थे। जगह-जगह भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी गई, पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। रथ के साथ चल रही भजन मंडलियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और उत्सवी स्वरूप प्रदान किया।
आयोजन समिति ने विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती के लिए ओडिशा से पंडित शंभूनाथ पंडा को आमंत्रित किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई पूजा ने आयोजन के धार्मिक महत्व को और बढ़ा दिया।
रथयात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई थी। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं ने भी अनुशासन और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
भगवान जगन्नाथ की यह भव्य रथयात्रा अंबिकापुर में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












