Skip to main content

Surguja News Today

दहेज प्रताड़ना का आरोप: विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दहेज प्रताड़ना का आरोप: विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अंबिकापुर/मैनपाट। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुनिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मिनी यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी लगभग चार वर्ष पूर्व अनुज यादव से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।

मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज में कार की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि बेटी की मौत सामान्य नहीं है और मामले में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मायके पक्ष ने मैनपाट में पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच और वैज्ञानिक पोस्टमार्टम से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल कमलेश्वरपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में दहेज प्रताड़ना और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज