
खंडहरनुमा मकान में मिला शव, फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका
अंबिकापुर दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगई में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खंडहरनुमा मकान के अंदर फांसी पर लटका एक शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान राजकुमार सिंह (53 वर्ष), पिता सबल सिंह, निवासी बरगई के रूप में हुई है। वह पिछले 15–20 दिनों से लापता थे।
जानकारी के अनुसार, गांव के मुख्य मार्ग से लगभग 100 मीटर अंदर स्थित पुरंदन सिंह के जर्जर एवं पुराने मकान से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव मकान की मयार (छत की लकड़ी) से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था और उसका कुछ हिस्सा नीचे गिर चुका था।
ग्रामीणों ने मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान राजकुमार सिंह के रूप में की। परिजनों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था और कई दिनों से घर से गायब था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
घटना की सूचना ग्राम पंचायत बरगई के सरपंच एवं ग्रामीणों ने दरिमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।














