
विधायक रामकुमार टोप्पो का दिखा आत्मीय अंदाज, सड़क किनारे रुककर किसानों की सुनी समस्याएं
सीतापुर-रुपेश गुप्ता विधायक रामकुमार टोप्पो का एक बार फिर जनसरोकारों से जुड़ा आत्मीय और संवेदनशील अंदाज देखने को मिला। पोकसरी कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय मंगारी क्षेत्र में सड़क किनारे किसानों और ग्रामीणों की भीड़ देखकर विधायक अचानक रुक गए और सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चबूतरे पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उपस्थित बुजुर्ग ग्रामीणों ने विधायक को अपना “बेटा” बताते हुए आत्मीयता व्यक्त की। विधायक रामकुमार टोप्पो ने सभी ग्रामीणों से सहज संवाद करते हुए खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि खाद वितरण को लेकर किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसानों की खाद पर्ची मंगारी में कटती है, लेकिन खाद लेने के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर सेदम जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की दिक्कतें होती हैं।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने तत्काल संबंधित जिला अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर मंगारी में ही खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक जी की पहल से उपस्थित किसानों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने तालियां बजाकर विधायक जी का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है और किसानों की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
गौरतलब है कि विधायक रामकुमार टोप्पो लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र में आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी कार्यशैली में क्षेत्र का विकास और जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।














