
रायपुर। छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान लूटपाट का शिकार हो गए।
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि “छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें” और तंज कसते हुए कहा कि जब देश के गृह मंत्री Amit Shah छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, उसी समय ऐसी घटना होना कथित “सुशासन” पर सवाल खड़े करता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में चोरी, चाकूबाजी, हत्या और लूटपाट की घटनाएं चरम पर हैं। उन्होंने “सुशासन तिहार” पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ नाम बदलने से जमीनी हकीकत नहीं बदलती।
एक अन्य पोस्ट में भूपेश बघेल ने लिखा कि इधर सरकार “डायल 112” का प्रचार कर रही है और उधर धर्मलाल कौशिक का मोबाइल छीनकर चोर “9-2-11” हो गए। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर हमलावर है, वहीं भाजपा की ओर से अब तक इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













