
सरगुजा में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़
📍 लुंड्रा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
अंबिकापुर, 30 अप्रैल 2026।
जिला सरगुजा में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल अंबिकापुर एवं थाना लुंड्रा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब और एक वाहन जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुंड्रा क्षेत्र के बहेराडीह निवासी दया साहू मध्य प्रदेश से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब लाकर अपने पुराने खंडहरनुमा घर में छिपाकर रखता है और आसपास के इलाकों में बिक्री करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी दया साहू अपनी डस्टर कार (CG 11 MB 5170) से निकलते हुए पकड़ा गया। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
जप्त सामग्री:
101.46 लीटर अंग्रेजी शराब
कुल कीमत: ₹92,060
डस्टर वाहन सहित कुल जप्ती: ₹5,09,260
जांच के दौरान आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना लुंड्रा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका:
सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, शिवचरण साहू, प्रधान आरक्षक महेश कुमार, जयदीप सिंह, विकाश सिन्हा, भोजराज पासवान सहित आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, इब्नुल खान, बालेश्वर सिंह और राजकुमार यादव की टीम ने इस कार्रवाई को सफल बनाया।













