
ट्रक की चपेट में आई स्कूटी सवार शिक्षिकाएं, एक की मौके पर मौत, दूसरी घायल
बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार दो शिक्षिकाएं जब अपने स्कूल के लिए निकल रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तुरंत वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षिकाएं वाड्रफनगर विकासखंड के करमडीहा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ थीं और रोज की तरह सोमवार को भी अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं। इसी दौरान बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












