
SHAIF FIRDOUSI SNT NEWS – अंबिकापुर में हुए चर्चित महिला हत्या कांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए संदेही की पहचान कर ली है। इस मामले में पांडा उर्फ मिथुन नाम के व्यक्ति पर हत्या का शक जताया गया है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक 3 अप्रैल 2026 को कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सदभावना चौक रिंग रोड स्थित टीटीएस फ्रेश फिश कंपनी के झाला में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली थाना, साइबर सेल समेत कुल 4 विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतिका की पहचान कर ली गई, जिसकी पुष्टि परिजनों द्वारा भी की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मृतिका एक व्यक्ति के साथ जाती हुई नजर आई। जांच में उस व्यक्ति की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है, जो मृतिका के साथ पहले से परिचित था और उसका आना-जाना भी था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के बाद संदेही ने एक अन्य घूमंतु महिला से तंबाकू मांगकर खाया था, जिससे उसकी संदिग्ध गतिविधियां और भी स्पष्ट हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच किसी प्रकार के विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार है। पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी ठोस जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












