
सीतापुर में बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार के लिए भव्य कैंपस भर्ती अभियान सम्पन्न
SHAIF FIRDOUSI सीतापुर (सरगुजा): शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, सीतापुर में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी रोजगार क्षमता (Employability) को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 को भारत की प्रतिष्ठित कौशल विकास संस्था ‘NIIT Limited’ के साथ एक ऐतिहासिक 3-वर्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
महाविद्यालय के कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि “इस समझौते का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक आईटी (IT) एवं गैर-आईटी क्षेत्रों के अनुकूल तैयार करना है। MoU के अंतर्गत NIIT की विशेषज्ञ टीम द्वारा महाविद्यालय परिसर में कैरियर मार्गदर्शन, कार्यशालाएं, सेमिनार एवं वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को रोजगार क्षमता मूल्यांकन परीक्षणों (Employability Assessment) में शामिल होने का अवसर मिलेगा।”
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो ने कहा, “आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। हमारे विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल और डिजिटल साक्षरता का होना अनिवार्य है। NIIT जैसी प्रतिष्ठित संस्था के साथ इस साझेदारी से हमारे कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सीधे विशेषज्ञों से सीखने का मौका मिलेगा, जिससे उनके प्लेसमेंट और रोजगार के अवसर कई गुना बढ़ेंगे।”

इसी सहभागिता की कड़ी में, शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय सभागार में स्नातक उत्तीर्ण छात्रों के लिए कैरियर मार्गदर्शन सत्र एवं कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव का भव्य आयोजन किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री विकास एक्का रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री किशन उपाध्याय एवं श्री परवेज़ आलम सर उपस्थित रहे। वहीं, एनआईआईटी से प्रतिनिधि के रूप में श्री विकास पांडे, भारती मैडम एवं वनिता मैडम विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंच का कुशल संचालन कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री विकास पांडे ने अपने संबोधन में बताया कि पहले ट्रेडिशनल बैंकिंग सिस्टम से कार्य होते थे, लेकिन अब एडवांस्ड बैंकिंग सिस्टम से कार्य हो रहे हैं, जैसे ऑनलाइन लोन आदि, और भविष्य में भी बैंकिंग का स्वरूप ऐसा ही रहेगा। बैंकिंग प्रणाली में यह परिवर्तन बेहद क्रांतिकारी रहा है। जहाँ पहले किसी साधारण लोन या खाता खुलवाने के लिए भी शाखाओं के चक्कर लगाने पड़ते थे, ढेरों कागज़ी दस्तावेज़ जमा करने होते थे और हफ़्तों इंतज़ार करना पड़ता था, वहीं आज एडवांस्ड डिजिटल बैंकिंग के ज़रिये महज़ कुछ मिनटों में ‘इन्स्टेंट क्रेडिट’ और पेपरलेस सेवाएँ उपलब्ध हो जाती हैं। आज भारत डिजिटल वित्तीय सेवाओं (Fintech) और ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स के मामले में दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते बाज़ारों में से एक बन चुका है। PhonePe, KreditBee, CRED जैसी कंपनियों से लेकर ई-कॉमर्स, एडटेक, हेल्थटेक और एग्रीटेक तक हज़ारों कंपनियाँ देश के कोने-कोने तक अपनी सेवाएँ पहुँचा रही हैं। इस तरह के आधुनिक और डिजिटल कार्यों हेतु विशेष ट्रेनिंग की अत्यधिक आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए, एनआईआईटी तथा आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक के संयुक्त सौजन्य से आयोजित इस ड्राइव के तहत ‘ग्राहक संबंध प्रबंधक’ (Relationship Manager) के पद हेतु विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें वन-टू-वन सेशन आयोजित हुआ।
चयनित अभ्यर्थियों को 3.12 लाख रुपये प्रति वर्ष (LPA) का प्रारंभिक पैकेज, एनआईआईटी द्वारा 15 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण तथा NIIT/IFBI द्वारा विशेष प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इस अभियान में किसी भी संकाय से न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण और अधिकतम 25 वर्ष की आयु वाले युवा भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन एप्टीट्यूड टेस्ट, इंटरव्यू और 15 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद अंतिम नियुक्ति दी जाएगी। प्रारंभिक स्क्रीनिंग में सफल विद्यार्थियों का इंटरव्यू बाद में बैंक अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कई गणमान्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. एस. कुजूर, डॉ. सी. टोप्पो, डॉ. एस. एल. खलखो, डॉ. आर. के. बारगाह और श्रीमती शीला तिर्की, सरिता देवी शामिल रहीं। इसके साथ ही, इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री आर. के. टाइगर, श्री डी. के. मिश्रा, श्री आदेश गुप्ता, श्री सुनील नाग, श्री ऋषिकेश गुप्ता, श्री दोपेंद्र कौशिक, श्री अनिल प्रताप सिंह, श्री अमर सिंह, सुश्री अंजली बघेल, श्रीमती रिजवाना और श्रीमती कविता गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का मीडिया कवरेज मीडिया प्रभारी श्री शैलेश जी द्वारा किया गया।












