
बरगीडीह में “कैंसर मुक्त सरगुजा” अभियान का भव्य आगाज़, 450 ग्रामीणों की निःशुल्क जांच
धौरपुर/लुण्ड्रा | 28 मार्च 2026
सरगुजा संभाग को कैंसर मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए महाअभियान “कैंसर मुक्त सरगुजा” का शनिवार को लुण्ड्रा ब्लॉक के बरगीडीह में ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर में बरगीडीह सहित आसपास के 15 से अधिक गांवों के लगभग 450 ग्रामीणों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच की गई।

यह शिविर पुरंजय हेल्थ एंड एजुकेशन डेवलपमेंट फाउंडेशन, संजीवनी कैंसर केयर फाउंडेशन, रायपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरगीडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के BMO डॉ. राघवेंद्र चौबे ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कैंसर की समय पर पहचान एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि इससे विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सीधे गांवों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. विवेक पटेल ने कैंसर से बचाव और शुरुआती पहचान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायपुर स्थित संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल में रोबोटिक सर्जरी, PET-CT स्कैन और पेन व पेलिएटिव केयर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहां आयुष्मान भारत योजना (PM-JAY) के तहत पात्र मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता है।


मुख्य उपलब्धियां:
450 संदिग्ध मरीजों की विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच
गंभीर मरीजों की पहचान कर रायपुर रेफर करने की प्रक्रिया
ग्रामीणों का हेल्थ डेटाबेस तैयार, भविष्य के फॉलो-अप की व्यवस्था
कार्यक्रम के अंत में पुरंजय फाउंडेशन के संस्थापक ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि बरगीडीह के बाद अभियान का अगला चरण लखनपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य सरगुजा के हर गांव तक कैंसर जागरूकता पहुंचाना है।
इस दौरान डॉ. प्रियंका सिंह देव, डॉ. प्रतिभा अम्बस्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदी, जनप्रतिनिधि BDC हलीम फिरदौसी पत्रकार शैफ फिरदौसी गुलाम अम्बिया सहित डॉ चंद्रप्रकाश यादव सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












