Skip to main content

Surguja News Today

VIP जाम बना मौत का कारण: महिला एवं बाल विकास विभाग की कार ने कुचला युवक मौके पर भी दर्दनाक मौत

VIP जाम बना मौत का कारण: महिला एवं बाल विकास विभाग की कार ने कुचला युवक, चालक फरार
बतौली (सरगुजा) | SNT NEWS
सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र स्थित लुचकी घाट पुल पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान लगे वीआईपी जाम के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग की शासकीय कार ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर वीआईपी मूवमेंट के चलते भारी वाहनों को रोक दिया गया था, जिससे लंबा जाम लग गया। सड़क पर अव्यवस्था और दबाव की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक ट्रक को साइड देने के दौरान असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (CG 02 AU 1373) ने नियंत्रण खो दिया और दोनों को कुचल दिया।


हादसे में पीछे बैठे ईश्वर साहू (लगभग 35 वर्ष) के सिर के ऊपर से कार गुजर गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चालक सोनेलाल (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार महिला एवं बाल विकास विभाग की है। आरोप है कि इसे जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) अंबिकापुर के ड्राइवर रज्जाक खान चला रहे थे और वह कथित रूप से शासकीय वाहन का निजी उपयोग करते हुए परिवार के साथ जा रहा था। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान ने कहा कि ड्राइवर को त्यौहार के चलते छुट्टी दी गई थी और वाहन घर में खड़ा था। उन्होंने कहा कि वाहन कब और कैसे बाहर गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है और मामले की सूचना विभाग को दे दी गई है।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
मृतक ईश्वर साहू अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है।


घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी, शासकीय वाहन के दुरुपयोग की जांच, मृतक परिवार को मुआवजा और वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुधार की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
यह घटना केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि वीआईपी संस्कृति, अव्यवस्थित ट्रैफिक और शासकीय जिम्मेदारी पर उठते गंभीर सवालों का प्रतीक बन गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज