Surguja News Today

लटोरी में नाली निर्माण पर बवाल: वायरल वीडियो के बाद ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

लटोरी में नाली निर्माण पर बवाल: वायरल वीडियो के बाद ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सूरजपुर/लटोरी:–ग्राम पंचायत लटोरी में कराए गए नाली निर्माण कार्य ने अब गंभीर विवाद का रूप ले लिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ठेकेदार प्रकाश राय पर घटिया निर्माण और सरकारी राशि में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद गांव से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।



कुछ ही दिनों में दरक गई नाली, गुणवत्ता पर उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में गांव में नाली निर्माण कराया गया था, लेकिन काम पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद नाली में दरारें पड़ने लगीं और कई स्थानों पर टूटने की स्थिति बन गई। लोगों का कहना है कि जिस कार्य पर सरकारी राशि खर्च की गई, उसमें गुणवत्ता का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया।

ग्रामीणों के अनुसार यदि विकास कार्य इतने कम समय में खराब होने लगें, तो यह सीधे-सीधे लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और काम को जल्दबाजी में पूरा कर दिया गया।

वायरल वीडियो में जनप्रतिनिधियों ने भी उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सरपंच युवत कुमार, बीडीसी प्रतिनिधि धन कुमार पैकरा सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वहीं संतोष गुप्ता, गौतम राजवाड़े, अजय राजवाड़े और रोहित कुशवाहा जैसे ग्रामीणों ने भी मौके पर खड़े होकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

वीडियो में ग्रामीण साफ तौर पर ठेकेदार के खिलाफ जांच की मांग करते दिखाई दे रहे हैं और यह भी कह रहे हैं कि जनता के पैसे से हुए कार्य में ऐसी लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी योजनाओं के तहत आने वाली राशि का उपयोग पारदर्शिता और ईमानदारी से नहीं किया जाएगा, तो गांव का विकास केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से निम्न मांगें की है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, यदि गड़बड़ी पाई जाए तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, भविष्य में सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

जनता का गुस्सा, एक ही आवाज
लटोरी के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें विकास चाहिए, लेकिन ऐसा विकास जो मजबूत और टिकाऊ हो। लोगों का साफ कहना है कि जनता के हक का पैसा किसी भी हालत में बर्बाद नहीं होना चाहिए। जनता का पैसा जनता के काम के लिए, घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार अब नहीं होगा स्वीकार।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज