
सरगुजा में सनसनी: दोस्त ने की युवक की हत्या, शव डबरी में फेंका
Surguja news उदयपुर/सरगुजा– जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक युवक ने अपने ही दोस्त शीतल की हत्या कर शव को पोतका गांव के पास कीचड़ भरी डबरी में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव निकालने के लिए डबरी का पानी खाली कराया गया।
मृतक शीतल हनुमानगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों की जांच जारी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जाता है कि पिछले वर्ष कालीपुर में एक बारात के दौरान हनुमानगढ़ और पोतका गांव के युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी।

उसी रंजिश को लेकर हाल ही में रविवार को एक बारात में पहुंचे हनुमानगढ़ के युवकों पर पोतका के कुछ युवकों ने हमला कर दिया।
इस दौरान कई लोग मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन शीतल वहां फंस गया। आरोप है कि युवकों के एक समूह ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपी ने शव को छिपाने के लिए डबरी में फेंक दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









