Surguja News Today

छात्रावास में छात्र की आत्महत्या, कई सवालों के घेरे में व्यवस्था कोरिया

छात्रावास में छात्र की आत्महत्या, कई सवालों के घेरे में व्यवस्था
स्थान – कोरिया | दिनांक – 14 मार्च 2026
कोरिया जिले के कटगोड़ी स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में 13 मार्च की रात एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान सुरेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता से फोन पर बात करते हुए रोते-रोते घर ले जाने की गुहार लगाई थी। पिता ने उसे समझाते हुए सुबह लेने आने की बात कही, लेकिन सुबह होने से पहले ही बेटे की मौत की खबर आ गई। इस घटना ने छात्रावास की व्यवस्था और वहां के माहौल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों के अनुसार सुरेश सिंह पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों और छात्र हित के मुद्दों को लेकर भी सक्रिय रहता था। परिवार का आरोप है कि होली के दौरान जब सुरेश घर आया था, तब उसने बताया था कि छात्रावास अधीक्षक और एक कर्मचारी उस पर फुटबॉल प्रतियोगिता में जीती गई करीब एक लाख रुपये की राशि बैंक से निकलवाने का दबाव बना रहे थे। सुरेश का कहना था कि यह राशि पूरी टीम के खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री खरीदने में खर्च होनी चाहिए, इसलिए वह पैसे निकालने का विरोध कर रहा था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सुरेश छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर आवाज उठा रहा था और शिकायत करने कलेक्ट्रेट भी गया था। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए ज्यादा बोलने वाले छात्रों की सूची बनाकर उन्हें फेल कराने तक की धमकी दी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सोनहत एसडीएम अनसुल वर्मा छात्रावास पहुंचे और कई घंटों तक अन्य छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होली की छुट्टी के बाद घर से लौटने के बाद से सुरेश कुछ गुमसुम रहने लगा था। प्रशासन का कहना है कि मामला संवेदनशील है और जांच जारी है, इसलिए अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इधर मामले पर सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि आदिवासी राज्य में, जहां मुख्यमंत्री भी आदिवासी वर्ग से हैं, वहां किसी आदिवासी छात्र द्वारा छात्रावास में आत्महत्या किया जाना गंभीर विषय है और इसकी सूक्ष्म व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज