Surguja News Today

पंचायत भवन बना पीडीएस गोदाम, जनप्रतिनिधियों को बैठने की जगह तक नहीं

पंचायत भवन बना पीडीएस गोदाम, जनप्रतिनिधियों को बैठने की जगह तक नहीं

सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ राजेश गुप्ता
केवटाली जनपद पंचायत भैयाथन जिला सूरजपुर ग्राम पंचायत केवटाली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत भवन में चुने हुए जनप्रतिनिधियों को बैठने के लिए जगह तक उपलब्ध नहीं है।

पंचायत चुनाव को लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पंचायत भवन के कक्षों में सरपंच, पंच, सचिव या पुस्तकालय के संचालन की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार पंचायत भवन के अलग-अलग कक्षों में चावल, चना और नमक जैसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न का भंडारण कर दिया गया है। इससे पंचायत भवन का उपयोग कार्यालय के रूप में होने के बजाय पीडीएस गोदाम के रूप में किया जा रहा है।

परिणामस्वरूप पंचायत के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को अपने ही पंचायत भवन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल पा रहा है।

इस संबंध में उपसरपंच अनुराग सिंह देव ने जनपद पंचायत के सीईओ को भी अवगत कराया था और निवेदन किया था कि जनप्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक पंचायत भवन में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पंचायत का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पीडीएस भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है, परंतु न तो जनप्रतिनिधियों और न ही संबंधित अधिकारियों का इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान गया है।
कई अधिकारी आए और चले गए, लेकिन किसी ने भी इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि पंचायत भवन को ही पीडीएस भंडारण स्थल बना दिया गया है।

वर्तमान स्थिति यह है कि ग्राम पंचायत केवटाली का पूरा काम केवल एक सभा कक्ष के सहारे चल रहा है। कई बार तो एक ही कक्ष में अलग-अलग कार्य होने के कारण लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरपंच और सचिव को ही अपने कार्यालय में बैठने की जगह नहीं मिलेगी, तो पंचायत का संचालन सुचारू रूप से कैसे होगा।

यह स्थिति न केवल जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा विषय है बल्कि पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करती है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज