
सलका में दोना-पत्तल दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
तीन घंटे देरी से पहुंची दमकल, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर रिपोर्टर राजेश गुप्ता- भटगांव क्षेत्र के ग्राम सलका में बुधवार सुबह एक दोना-पत्तल दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9 बजे गांव के लोगों ने देखा कि अवंति दोना-पत्तल दुकान से धुआं और आग की लपटें उठ रही हैं। देखते ही देखते आग ने दुकान के भीतर रखे दोना-पत्तल और अन्य डिस्पोज़ल सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी भटगांव मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में करीब 3 से 3.50 लाख रुपये तक का नुकसान बताया जा रहा है।
बताया गया कि घटना के समय दुकान संचालक का परिवार अपने दामाद के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था, जिसके कारण दुकान बंद थी। इसी दौरान दुकान में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन घंटे बाद पहुंची दमकल
ग्रामीणों के अनुसार सुबह 9 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहन करीब तीन घंटे बाद लगभग 12 बजे मौके पर पहुंचा। तब तक ग्रामीणों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
एसईसीएल की दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार भटगांव स्थित एसईसीएल में मौजूद दमकल वाहन खराब होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि एसईसीएल भटगांव की दमकल गाड़ी खराब बताई गई है।
सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में मौजूद दमकल वाहन लंबे समय से खराब हालत में पड़े हैं और उन्हें ठीक कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ऐसे में आपात स्थिति में समय पर दमकल उपलब्ध न होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
फिलहाल ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












