
Vijay singh बलरामपुर– छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार ग्राम त्रिपुरी में करीब 2 से 3 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित जमीन को लीज पर लेकर अफीम की खेती की गई थी। प्रशासन अब यह पता लगाने में लगा है कि इस अवैध खेती के पीछे किन लोगों की संलिप्तता है और किसके संरक्षण में यह काम चल रहा था।
इधर इस मामले को लेकर प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के सौदागरों और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत सरकार और प्रशासन को सूचित करें।
मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी समेत कई मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है और आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग जिले में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया था, जिसमें भाजपा नेता का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर निशाना साध रही है और प्रदेश में नशे के कारोबार को लेकर सवाल उठा रही है।
अब बलरामपुर जिले में सामने आए इस नए मामले के बाद प्रशासन की कार्रवाई और जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

पूरा वीडियो आपको SNT न्यूज के प्लेटफार्म पर मिल जाएगा
Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









