Surguja News Today

खदान में भूख हड़ताल की चेतावनी: कोयला चोरी जांच में निष्पक्षता की मांग तेज

खदान में भूख हड़ताल की चेतावनी: कोयला चोरी जांच में निष्पक्षता की मांग तेज

भटगांव — जगन्नाथपुर ओसीएम में कथित कोयला चोरी के मामले में कुछ कर्मचारियों पर की गई एकतरफा कार्रवाई के विरोध में संयुक्त मोर्चा भटगांव क्षेत्र ने आज पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशांत ठाकुर (डीआईजी, सूरजपुर रेंज) से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष कर्मचारियों पर हो रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि बिना ठोस प्रमाण के कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे खदान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर निर्दोष कर्मचारियों को राहत नहीं दी गई, तो खदान परिसर में भूख हड़ताल या घेराव जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि खदान के भीतर बाहरी तत्वों द्वारा लिफ्टर के माध्यम से अवैध रूप से प्रवेश कर उत्पात मचाने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि कर्मचारी निर्भीक वातावरण में अपना कार्य कर सकें।
इस पर डीआईजी प्रशांत ठाकुर ने संयुक्त मोर्चा को आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध अन्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के बाद ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा निर्दोष कर्मचारियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संयुक्त मोर्चा भटगांव क्षेत्र के कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मामले को लेकर खदान क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज