
सरगुजा में फर्जी हस्ताक्षर से मतदाता सूची विलोपन का आरोप, कलेक्टर से आपराधिक कार्रवाई की मांग
अंबिकापुर | सरगुजा
सरगुजा जिले में मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के कथित प्रयास को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। लूंड्रा क्षेत्र के निवासी रोहित गुप्ता ने कलेक्टर सरगुजा को आवेदन सौंपकर एक व्यक्ति पर फर्जी हस्ताक्षर कर तहसीलदार के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है।
आवेदक रोहित गुप्ता (आयु लगभग 24 वर्ष), निवासी ग्राम रिरी, तहसील लूंड्रा, जिला सरगुजा ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि उनके नाम से बिना जानकारी और सहमति के तहसीलदार धौरपुर के समक्ष एक आवेदन प्रस्तुत किया गया। आरोप है कि उक्त आवेदन में उनके कूटरचित (फर्जी) हस्ताक्षर कर यह दर्शाया गया कि ग्राम रिरी निवासी रामविलास यादव का नाम दो स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज है तथा उसे विलोपित किया जाए।
आवेदक का कहना है कि उन्होंने इस प्रकार का कोई आवेदन प्रस्तुत नहीं किया है। उन्हें यह जानकारी तब मिली जब संबंधित व्यक्ति रामविलास यादव ने संपर्क कर मामले की जानकारी दी। बाद में बीएलओ के माध्यम से भी उन्हें कथित आवेदन की जानकारी प्राप्त हुई।

आवेदन में इन्द्रदेव गुप्ता (निवासी ग्राम पसेना, तहसील लूंड्रा) पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने आवेदक के नाम और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया।
रोहित गुप्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ कथित फर्जी आवेदन की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









