
धान खरीदी में अव्यवस्था से किसान बेहाल, भैयाथान में कांग्रेस का एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना व सांकेतिक चक्का जाम
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर
राजेश गुप्ताभैयाथान:- धान खरीदी की समय-सीमा और टोकन व्यवस्था में खामियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैयाथान के नेतृत्व में 30 जनवरी को एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम आयोजित किया गया। आंदोलन के तहत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैयाथान को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विद्यात्री सिंहदेव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर यह आंदोलन किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार की नीतियों से ग्रामीण व मजदूर वर्ग के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
ज्ञापन में कहा गया कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय होने के बावजूद कई सोसायटियों में पर्याप्त टोकन नहीं दिए गए। समय-सीमा नहीं बढ़ने की स्थिति में किसान अपना धान नहीं बेच पाएंगे और आर्थिक संकट और गहरा जाएगा। खाद की कमी और गिरदावली जैसी समस्याओं से जूझ रहे किसानों के लिए टोकन की कमी ने हालात और कठिन बना दिए हैं।
भैयाथान ब्लॉक के क्षेत्र-06 में टोकन से वंचित किसानों की संख्या चिंताजनक बताई गई— शिवप्रसादनगर 154, बंजा 110, सिरसी 65, भैयाथान 170, केवर 162 और कुरीडीह 42 किसान। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेते हुए धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह देव सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









