
सरगुजा में अपहरण का सनसनीखेज खुलासा
चंद घंटों में युवती सकुशल बरामद, 04 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर | सरगुजा | 16 जनवरी 2026 SHAIF FIRDOUSI
सरगुजा जिले में युवती के अपहरण की एक गंभीर घटना का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सरगुजा पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई के चलते अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, वहीं इस मामले में 04 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में थाना गांधीनगर एवं थाना मनेन्द्रगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।
🚨 अपहरण की सूचना मिलते ही जिलेभर में नाकेबंदी
दिनांक 15 जनवरी 2026 की शाम थाना गांधीनगर क्षेत्र अंतर्गत एक युवती के अपहरण की सूचना मिलते ही एसएसपी सरगुजा द्वारा जिले के सभी आउटर मार्गों एवं सीमावर्ती जिलों में कड़ी नाकेबंदी के सख्त निर्देश जारी किए गए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी युवती को जबरन स्विफ्ट डिजायर कार (MP 13 CC 4342) में बैठाते हुए दिखाई दिए।

📍 मनेन्द्रगढ़ में दबोचे गए आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवती को कोरिया–मनेन्द्रगढ़ मार्ग की ओर ले जा रहे हैं। इसके बाद कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य जिलों को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई गई।
थाना मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जहां कार में मौजूद युवती पुलिस को देखकर रो पड़ी। युवती को सुरक्षित बाहर निकालते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
💔 शादी से इनकार बना अपहरण की वजह
महिला अधिकारी के समक्ष दिए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि मुख्य आरोपी रामप्रसाद तंवर पहले से शादीशुदा है। शादी की सच्चाई सामने आने के बाद युवती द्वारा विवाह से इंकार करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे मध्यप्रदेश से अंबिकापुर आए थे और घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे इस प्रकार हैं—
रामप्रसाद तंवर (32 वर्ष) – निवासी भवानीपुरा, थाना भोजपुर, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
लाल चंद्र (26 वर्ष) – निवासी भौईकला, थाना वालंता, जिला झालावाड़ (म.प्र.)
कमलेश तंवर (19 वर्ष) – निवासी राजगढ़, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
भंवर लाल (22 वर्ष) – निवासी विडीवैड, थाना भोजपुर, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
🔎 जब्ती व कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के कब्जे से—
अपहरण में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार
04 मोबाइल फोन
जप्त किए गए हैं। थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 30/26, धारा 126(2), 140(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, एएसआई सुभाष ठाकुर, थाना मनेन्द्रगढ़ से प्रधान आरक्षक रविंद्र नाथ तिवारी, महिला आरक्षक प्रिया रानी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









