Surguja News Today

रफ्तार का कहर ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, हिट एंड रन का मामला

तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, हिट एंड रन का मामला

सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े, इसी दौरान ट्रेलर का पहिया एक युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान सूरजपुर जिले के ग्राम अरसोता कमलापुर निवासी विक्की राजवाड़े (पिता खुलेश्वर) और ओडगी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्रा निवासी शिवमंगल राजवाड़े (पिता कन्हैया) के रूप में हुई है। दोनों युवक रविवार दोपहर बाइक से भटगांव से बिश्रामपुर की ओर जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वे ग्राम लक्ष्मीपुर स्थित संकरी पुलिया पर पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज