
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में पथरिया जनपद में आवारा कुत्तों पर समीक्षा बैठक
(मुंगेली)
पथरिया – माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Suo Moto Writ Petition (Civil) No. 05/2025 में दिनांक 07 नवंबर 2025 को पारित अंतरिम आदेश के तहत संस्थागत एवं सार्वजनिक स्थलों पर कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जन-सुरक्षा, जन-स्वास्थ्य तथा आवारा कुत्तों के प्रभावी प्रबंधन हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

इस आदेशों के अनुपालन में कलेक्टर मुंगेली श्री कुंदन कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुंगेली श्री प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार दिनांक 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को जनपद पंचायत पथरिया में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पथरिया श्री प्रदीप प्रधान ने की।
बैठक में डॉ. आर. एम. त्रिपाठी, उपसंचालक पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी श्री शीलमणि पाण्डेय एवं जिला अंकेक्षक श्री कमलेश मिश्रा द्वारा पंचायत सचिवों तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी, समन्वित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के प्रबंधन, कुत्तों के काटने की घटनाओं पर नियंत्रण, जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









