
मेकाहारा अस्पताल रायपुर में डस्टबिन से मिला नवजात का शव, अस्पताल और पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप
रायपुर, 7 नवंबर 2025।
राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास रखे डस्टबिन से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह सफाईकर्मी को डस्टबिन में एक संदिग्ध पॉलिथीन बैग दिखाई दिया। जब बैग खोला गया, तो उसके अंदर नवजात शिशु का शव मिला। तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन और मौदहापारा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मरचुरी रूम भेज दिया है। साथ ही अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव वहां कैसे पहुंचा।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात को जन्म के तुरंत बाद पॉलिथीन में रखकर फेंक दिया होगा। हालांकि यह भी जांच का विषय है कि क्या यह नवजात अस्पताल में ही जन्मा था या कहीं बाहर से लाकर डस्टबिन में फेंका गया।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं अस्पताल प्रबंधन ने पिछले कुछ दिनों में जन्मे बच्चों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









