Skip to main content

Surguja News Today

पांच वर्षीय छात्र पिस्तौल लेकर गया स्कूल चलाई गोली

बिहार में पांच वर्षीय छात्र ने पिस्तौल से स्कूल के दूसरे बच्चे को मारी गोली, बेटे को साथ लेकर पिता फरार
Supaul – बिहार के सुपौल जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। जहां एक निजी स्कूल में एक बच्चे ने अपने क्लासमेट को पिस्तौल से गोली मार दी। घायल अवस्था में बच्चे को भर्ती कराया गया है। पहली कक्षा के बच्चे के हाथ में पिस्तौल कैसे आई, उसकी जांच अभी चल रही है। वहीं आरोपी का पिता स्कूल पहुंचा और वहां से अपने बच्चे को लेकर फरार हो गया है।

बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाने के लाल पट्टी इलाके में एक निजी स्कूल में पांच साल के छात्र ने बुधवार को पिस्तौल से अपने ही स्कूल के एक अन्य बच्चे को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शैशव यादव ने बताया, “नर्सरी के छात्र ने उसी स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ने वाले 10 वर्षीय एक लड़के पर गोली चला दी। गोली उसके हाथ में लगी

एसपी ने कहा
एसपी ने कहा कि घायल लड़के को अस्पताल ले जाया गया। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि लड़के के पास पिस्तौल कैसे आई और वह उसे अपने बैग में लेकर कैसे स्कूल में दाखिल हुआ। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूलों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा जा रहा है कि छात्रों के बैग की नियमित आधार पर अच्छी तरह से जांच की जाए। इस घटना से माता-पिता और अभिभावकों की चिंता काफी बढ़ गई है।

घटना स्थल पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी छात्र पिस्तौल अपने बैग में लेकर आया था। हालांकि, घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया। घायल बच्चे के मामा ने बताया कि उनका भांजा सेंट जॉन बोर्डिंग स्कूल में पढ़ता है। बच्चा जब स्कूल पहुंचा तो सबसे पहले वह प्रेयर में गया, उसके बाद अपने क्लास में गया। कक्षा में गया तो मुकेश कुमार यादव के बेटे ने भांजे को गोली मार दी। भांजे का आरोपी लड़के के साथ किसी प्रकार का लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था।

परिजन परेशान
उन्होंने बताया कि बच्चे ने पहले कमर में गोली मारने की कोशिश की। लेकिन हाथ में गोली लग गई। गोली लगने के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया और लड़के के माता-पिता को बुलाया गया। उसके बाद पिता वहां पहुंचा। उसने देखा की प्रिंसिपल के कमरे में टेबल पर पिस्तौल के साथ मैगजीन अलग रखी हुई है। उसने झपट्टा मारा और पिस्तौल के साथ अपने बच्चे को लेकर दीवार फांदकर फरार हो गया। आरोपी के पिता की बाइक स्कूल में ही रखी हुई है। घायल बच्चा पिछले दो साल से स्कूल जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित बच्चे के परिजन परेशान हैं। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन उसके पिता से सवाल करे। वहीं स्कूल ये तय करे कि आग से ऐसी घटना नहीं हो।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज