संभागायुक्त श्री चुरेंद्र की अध्यक्षता में सरगुजा विकास प्राधिकरण के कार्यों की हुई समीक्षा

अम्बिकापुर  सरगुजा संभागायुक्त श्री जीआर चुरेंद्र की अध्यक्षता में संभागायुक्त कार्यालय सभाकक्ष में सरगुजा विकास प्राधिकरण के अंतर्गत वर्ष 2019-20 से वर्ष 2023-24 तक के अपूर्ण, प्रगतिरत और अप्रारंभ निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त श्री प्रणव सिंह और श्री राजकुमार खूंटे भी उपस्थित रहे।


संभागायुक्त श्री चुरेंद्र ने इस अवसर पर संभाग के समस्त जिलों से आए सीईओ जनपद पंचायतों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपूर्ण प्रगतिरत कार्यों का स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें और वास्तविक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसी तरह पूर्व पंचायत प्राधिकारियों से वसूली पर भी उन्होंने सीईओ जनपद पंचायतों को निर्देशित किया।
बैठक में श्री चुरेंद्र ने पूर्ण कार्यों की लंबित उपयोगिता एवं कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र की समीक्षा करते हुए शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह बैठक में माहवार प्राधिकरण के कार्यों की भौतिक निरीक्षण रिपोर्ट और वर्षवार अर्जित ब्याज से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी तथा वित्तीय सत्र जून 2024 तक की स्थिति में जमा ब्याज पर चर्चा कर जानकारी ली।
इसी तरह बैठक में संभागायुक्त ने मौजूद सभी अधिकारियों को कार्यालय प्रबंधन और अभिलेखों के संधारण के साथ ही परिसर की स्वच्छता और वृक्षारोपण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में स्थित भवनों को सूचीबद्ध कर मरम्मत योग्य भवनों का आवश्यक जीर्णोद्धार कर पुनः उपयोग किया जा सकता है। जर्जर भवनों को डिस्मेंटल करवाएं और मलबे की सफाई कराते हुए स्थल का उपयोग सुनिश्चित करें।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मानसेवी शिक्षकों, खंड स्तरीय अधिकारियों के मुख्यालय में रहने, सतह जल संचय, बैंक सखी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग को बढ़ावा देने, कौशल विकास से ग्रामीण युवाओं से जोड़ने, पंचायती राज सुदृढ़ीकरण, पंचायत के आय स्त्रोत को बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी जिलों से सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, आरईएस के अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Picture of Shaif firdousi

Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज