रेड नदी के ढोघट घाट पर काल का कहर, चार जिंदगियां खत्म, सरस्वतीपुर में पसरा मातम

रेड नदी के ढोघट घाट पर काल का कहर, चार जिंदगियां खत्म, सरस्वतीपुर में पसरा मातम

दो बच्चों को बचाने नदी में उतरे विवेक और अभिजीत भी डूबे, बिहार के कटिहार से मौसी के घर घूमने आए थे दोनों बच्चे; पूर्व जिला पंचायत सभापति पंकज तिवारी घटनास्थल पहुंचे, शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस
SNT NEWS सूरजपुर राजेश गुप्ता सूरजपुर:– सूरजपुर जिले के ग्राम सरस्वतीपुर स्थित ढोघट घाट पर रेड नदी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। नदी में नहाने और तैरने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे दो अन्य लोग भी अपनी जान नहीं बचा सके। इस हृदयविदारक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बच्चों को बचाने की कोशिश में चार जिंदगियां खत्म हो गईं और देखते ही देखते कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में विवेक कुमार सिंह, पिता विश्वनाथ सिंह, उम्र लगभग 45 वर्ष और अभिजीत सिंह, पिता विवेक सिंह, उम्र लगभग 20 वर्ष शामिल हैं। दोनों का वर्तमान पता ग्राम चंद्रपुर बताया गया है, जहां वे कुशवाहा के घर में किराये पर रहते थे। वहीं, गोपाल कृष्ण, पिता जितेंद्र सिंह, उम्र लगभग 13 वर्ष और कृष्ण गोपाल, पिता जितेंद्र सिंह, उम्र लगभग 14-15 वर्ष, बिहार के कटिहार जिले के निवासी थे। दोनों बच्चे अपनी मौसी के यहां घूमने आए हुए थे।



जानकारी के मुताबिक, चारों सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वे ग्राम सरस्वतीपुर स्थित रेड नदी के ढोघट घाट पर नहाने और तैरने पहुंचे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को संकट में देखकर विवेक कुमार सिंह और अभिजीत सिंह उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन नदी की गहराई में बचाव की कोशिश खुद उनके लिए भी जानलेवा साबित हुई। देखते ही देखते चारों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया गया। चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही सरस्वतीपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बिहार के कटिहार से मौसी के घर घूमने आए दोनों बच्चों की मौत से परिवार सदमे में है, वहीं विवेक और अभिजीत की असमय मौत ने उनके परिजनों को भी गहरे दुख में डाल दिया है। जिस परिवार में अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है।

दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला पंचायत सभापति, जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंकज तिवारी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने परिवारों का दुख साझा किया।

सरस्वतीपुर के ढोघट घाट पर हुई यह घटना एक बार फिर नदी में नहाने और तैरने के दौरान गहरे पानी के खतरे को उजागर करती है। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाना जानलेवा साबित हो सकता है। हालांकि हादसे की परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है, लेकिन चार लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही हादसे में चार जिंदगियों का खत्म हो जाना कई परिवारों के लिए ऐसा जख्म छोड़ गया है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज