
बिजली दरों में कटौती और स्मार्ट मीटर पर पुनर्विचार की मांग
रूपेश गुप्ता सीतापुर-सरगुजा बिजली की बढ़ी हुई दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने आम उपभोक्ताओं की परेशानियों का हवाला देते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीतापुर के अध्यक्ष तिलक बेहेरा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली दरों में तत्काल कमी करने सहित विभिन्न मांगें रखीं।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी को लेकर आम जनता एवं उपभोक्ताओं में चिंता और असंतोष है। बढ़ी हुई बिजली दरों से आम जनता और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल कम किया जाए, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए तथा स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर आवश्यक सुधार किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को उचित और पारदर्शी बिजली बिल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कांग्रेस शासनकाल की ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को पूर्व स्वरूप में पुनः लागू करने तथा घरेलू उपभोक्ताओं को 400 यूनिट तक बिजली बिल में 50 प्रतिशत की छूट देने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने राज्यपाल से उक्त मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।












