
अंबिकापुर की एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने MLA प्रबोध मिंज ने की मांग
अंबिकापुर। सरगुजा की एयर कनेक्टिविटी को लेकर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने क्षेत्र की मांग रखी है। विधायक ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की मांग की है।
इसके साथ ही अंबिकापुर को वाराणसी और अयोध्या से हवाई सेवा के जरिए जोड़ने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। विधायक ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अंबिकापुर से रायपुर के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने की मांग भी की है।
वहीं, अंबिकापुर एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों के आगामी शेड्यूल में सेवा सप्ताह में एक दिन किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठी है।
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि सरगुजा संभाग के यात्रियों को बेहतर हवाई और रेल कनेक्टिविटी मिलने से आवागमन आसान होगा। अब इन मांगों पर सरकार और विमानन कंपनियों की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।













