
प्रेमनगर विधानसभा: बरसात में नाला बना मुसीबत, पुलिया के इंतजार में टाकर के ग्रामीण
प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टाकर में भारी बारिश के बाद नाला उफान पर है। नाले का पानी सड़क के ऊपर से बहने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि बारिश के दौरान गांव का संपर्क कुछ समय के लिए बाधित हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है। सरपंच और स्थानीय विधायक से कई बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, मरीजों और स्कूली विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विद्यार्थी पानी से होकर नाला पार कर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन बरसात आते ही उनकी जमीनी हकीकत सामने आ जाती है। उनका कहना है कि अगर नाले पर पुलिया का निर्माण हो जाए तो हर साल होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सकती है।
अब सवाल यह है कि टाकर के ग्रामीणों को इस समस्या से स्थायी निजात कब मिलेगी? क्या शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीरता से कदम उठाएंगे ?













