मां कुदरगढ़ी फैक्ट्री में रोजगार को लेकर बवाल! स्थानीय युवाओं ने जारी किया पोस्टर आंदोलन की चेतावनी !

सरगुजा में रोजगार को लेकर स्थानीय युवाओं का विरोध, फैक्ट्री को आंदोलन की चेतावनी

लूंड्रा। सरगुजा जिले के लूंड्रा क्षेत्र स्थित मां कुदरगढ़ी फैक्ट्री को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं में नाराजगी सामने आई है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक पोस्टर के जरिए स्थानीय युवाओं ने फैक्ट्री में रोजगार को लेकर अपनी मांगें रखी हैं और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पोस्टर में आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री में झारखंड, बिहार और बंगाल से आए मजदूरों को रोजगार दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिल रही है।

स्थानीय बेरोजगार युवा संघ की ओर से फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

पोस्टर में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्थानीय युवाओं और मजदूरों के साथ फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया जाता है। इसके अलावा फैक्ट्री के अधिकारियों पर बाहरी मजदूरों को बुलाकर कथित रूप से दलाली किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

स्थानीय युवाओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।

हालांकि, पोस्टर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

स्थानीय युवाओं का नारा है— “स्थानीय को रोजगार दो, नहीं तो आंदोलन दो!”

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज