
अंबिकापुर कलेक्ट्रेट में मवेशियों का जमावड़ा, फसल बचाने किसानों ने किया अनोखा प्रदर्शन
अंबिकापुर मवेशियों की समस्या से परेशान भकुरा और परसा गांव के सैकड़ों ग्रामीण और किसान गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में मवेशियों को लेकर अंबिकापुर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास मवेशियों को खड़ा कर नारेबाजी की। अचानक बड़ी संख्या में मवेशियों के पहुंचने से कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल मच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में बड़ी संख्या में मवेशी खुले में घूम रहे हैं। ये मवेशी लगातार खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप, शहर से पकड़े जाने वाले मवेशियों को भी गांवों में छोड़ दिया जाता है, जिससे पहले से मौजूद समस्या और गंभीर हो जाती है। किसानों का कहना है कि यदि मवेशियों के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में फसल बचाना मुश्किल हो जाएगा।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की।
वहीं, नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया है।
अब देखने वाली बात होगी कि किसानों की इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं और खुले में घूम रहे मवेशियों की समस्या से किसानों को कब तक राहत मिलती है।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416











