
अम्बिकापुर 25 जून 2026 SHAIF FIRDOUSI -जिला कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देश एवं उप संचालक कृषि श्री पीतांबर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज नेहरूनगर (डीगमा), अंबिकापुर स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि नेहरूनगर (डीगमा) स्थित मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक (खाद) का विक्रय किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग द्वारा तत्काल जांच कराई गई।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता कृषक के बयान तथा उर्वरक क्रय के लिए किए गए ऑनलाइन भुगतान के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अधिक दर पर उर्वरक बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई। शिकायत सही पाए जाने पर 25 जून 2026 को कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने संबंधित विक्रय केंद्र पर औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान परिसर में उपलब्ध संपूर्ण उर्वरक को जब्त कर लिया गया तथा विक्रय केंद्र के परिसर को सील कर दिया गया। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
औचक निरीक्षण एवं सीलिंग की कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि श्री कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक श्री जे. आलम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री सीताराम भगत सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी विक्रेता किसानों से अधिक राशि वसूलते पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












