
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के प्रयास रंग लाए, अंबिकापुर-दिल्ली एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी
SHAIF FIRDOUSI अंबिकापुर– सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज के लगातार प्रयासों का बड़ा परिणाम सामने आया है। लंबे समय से अंबिकापुर-दिल्ली रेल सेवा के विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर उठाई जा रही मांगों पर रेलवे बोर्ड ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के संचालन को साप्ताहिक से बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन करने की मंजूरी दे दी है। सांसद चिंतामणि महाराज ने 17 मार्च 2025 को रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को पत्र लिखकर अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने, पैंट्री कार जोड़ने और विश्रामपुर में ठहराव देने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखी थीं। अब रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के संचालन को सप्ताह में दो दिन करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस मंगलवार एवं गुरुवार को तथा 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार एवं मंगलवार को संचालित होगी।
इतना ही नहीं, सांसद चिंतामणि महाराज द्वारा उठाए गए अन्य रेल विकास प्रस्तावों पर भी रेलवे मंत्रालय और रेलवे बोर्ड स्तर पर कार्रवाई जारी है। इनमें अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, डिजिटल कोच डिस्प्ले, अंबिकापुर-कोरबा एवं अंबिकापुर-बरवाडीह नई रेल लाइन, विश्रामपुर एवं सूरजपुर स्टेशन का विस्तार तथा अंबिकापुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
सरगुजा अंचल के यात्रियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। माना जा रहा है कि दिल्ली के लिए बढ़ी रेल सुविधा से सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर और एमसीबी जिले के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।



Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












