
अंबिकापुर- पुलिस की नियमित गश्त के दौरान चांदमारी क्षेत्र में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये मूल्य के इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गश्ती दल चांदमारी के आगे गड्डमपारा क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान सराजे पहाड़ी के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बबलू ठाकुर निवासी गढ़बीरा, थाना लुंड्रा एवं रवि घांसी निवासी झेराडीह बताया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद एक थैले से 40 नग रेसकोसोजेसिक इंजेक्शन तथा 40 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त कुल 80 इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए इंजेक्शनों को जब्त कर लिया है।














