Surguja News Today

भीषण गर्मी में प्यासा जरही-भटगांव क्षेत्र फोटो सेशन तक सीमित सुविधाएं, जनता बेहाल

Ai imege

भीषण गर्मी में प्यासा जरही-भटगांव क्षेत्र फोटो सेशन तक सीमित सुविधाएं, जनता बेहाल

सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता भटगांव:– जरही और भटगांव क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाले इलाके में आज भी आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सुविधाओं के नाम पर केवल उद्घाटन, फोटो सेशन और वाहवाही होती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सारी व्यवस्थाएं बंद होकर जीरो बटा सन्नाटा बन जाती हैं।

जरही चौक में नहीं एक भी सार्वजनिक प्याऊ

जरही चौक में लगातार बढ़ती गर्मी के बावजूद राहगीरों के लिए एक भी सार्वजनिक प्याऊ संचालित नहीं है। रोजाना आने-जाने वाले मजदूर, यात्री, छोटे दुकानदार और आम लोग पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। हालत यह है कि गरीब लोगों को प्यास बुझाने के लिए पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले बड़े उत्साह के साथ चौक-चौराहों पर वॉटर कूलर लगाए गए थे। उद्घाटन के समय जमकर प्रचार-प्रसार और फोटो खिंचवाए गए, लेकिन वर्तमान में अधिकांश वॉटर कूलर खराब पड़े हुए हैं और उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

नगर पंचायत द्वारा लगाया गया वॉटर एटीएम भी वर्षों से बंद पड़ा है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद यह आम लोगों के किसी काम नहीं आ रहा। भीषण गर्मी में जहां लोगों को ठंडे पेयजल की आवश्यकता है, वहीं बंद पड़ी व्यवस्थाएं प्रशासनिक उदासीनता को उजागर कर रही हैं।

समाजसेवा के नाम पर भी लापरवाही

श्रद्धा महिला मंडल बिलासपुर द्वारा भारतीय स्टेट बैंक एटीएम के पास लगाया गया वाटर कूलर भी खराब स्थिति में पड़ा हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर रखरखाव किया जाता, तो भीषण गर्मी में लोगों को काफी राहत मिल सकती थी।

इसी तरह साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के भटगांव क्षेत्र में भी सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सुहानी महिला मंडल द्वारा कई बार सुविधाओं के नाम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन वे केवल फोटो सेशन और प्रचार तक सीमित रह जाते हैं। कुछ दिनों बाद सारी व्यवस्थाएं बंद हो जाती हैं और जनता को कोई लाभ नहीं मिल पाता।

करोड़ों का मुनाफा, फिर भी जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस क्षेत्र से प्रतिदिन करोड़ों रुपये का उत्पादन और मुनाफा होता है, वहां रहने वाले लोगों को आज भी पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि अधिकांश योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती हैं, जबकि धरातल पर उनकी वास्तविक स्थिति शून्य है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बंद पड़े वॉटर कूलर और वॉटर एटीएम को तत्काल चालू कराया जाए तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थायी सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, केवल उद्घाटन और प्रचार तक सीमित रहने के बजाय सुविधाओं के नियमित संचालन और रखरखाव पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जाए, ताकि आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज