
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को मिली नई कलेक्टर
IAS संतन देवी जांगड़े संभालेंगी जिले की कमान
SHAIF FIRDOUSI – छत्तीसगढ़ शासन ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2016 बैच की IAS अधिकारी संतन देवी जांगड़े को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें आगामी आदेश तक इस पद पर पदस्थ किया गया है।
संतन देवी जांगड़े इससे पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव तथा आयुष विभाग में अतिरिक्त प्रभार संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए शासन ने उन्हें जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
राज्य सेवा से IAS तक का सफर
संतन देवी जांगड़े छत्तीसगढ़ कैडर की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, जिन्हें राज्य सिविल सेवा से पदोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल किया गया। उनका जन्म 24 जुलाई 1979 को हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान में एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की है।
वे इससे पहले रायगढ़ में अतिरिक्त कलेक्टर के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं। प्रशासनिक कार्यों में उनकी सक्रियता और बेहतर अनुभव के कारण उन्हें कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी जाती रही है।
हालिया प्रशासनिक आदेश के बाद अब वे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की नई कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभालेंगी।














