Surguja News Today

AMBIKAPUR -पटाखा दुकान में भीषण आग, लगातार धमाकों से दहला इलाका

पटाखा दुकान में भीषण आग, लगातार धमाकों से दहला इलाका
Highlights
घनी आबादी के बीच हादसा, दमकल-पुलिस मौके पर; अवैध भंडारण पर उठे सवाल
सरगुजा/अंबिकापुर -शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में राम मंदिर के समीप स्थित एक प्लास्टिक और पटाखा दुकान में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में आग सीमित दायरे में थी, लेकिन जल्द ही लपटें पास में रखे पटाखों तक पहुंच गईं। इसके बाद तेज धमाकों का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लगातार हो रहे विस्फोटों और घने धुएं के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास जारी है। हालांकि, पटाखों के फटने की वजह से राहत और बचाव कार्य में बाधाएं आ रही हैं। वहीं, पुलिस द्वारा एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कैसे किया जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि इस तरह के भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, बावजूद इसके लंबे समय से यहां पटाखों का स्टॉक रखा जा रहा था।
यह हादसा प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। यदि समय रहते नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाता, तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जा रहा है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज