
नशा-मुक्त समाज का संदेश: बरौधी में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय ग्रामीण शिविर का भव्य समापन
जागरूकता, सेवा और अनुशासन के संदेश के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी, विजेताओं को मिला सम्मान
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता भैयाथान/भटगांव:–विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत बरौधी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित विशेष सात दिवसीय ग्रामीण शिविर का भव्य समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन 30 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता फैलाना तथा युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना था।
मां सरस्वती पूजन से प्रारंभ, सेवा और जागरूकता रही केंद्र में
शिविर की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई थी। सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियान, नशा-मुक्ति संदेश, ग्राम संपर्क और जनसंवाद जैसी गतिविधियां संचालित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को समाजहित के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अनुज राजवाड़े (भटगांव) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रामकुमार सैनी, अशोक सिंह, रमेश कुमार गुप्ता, विनोद किंडो, दिनेश सिंह, माणिकचंद गुप्ता, विजय राजवाड़े, वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
सात दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत
राष्ट्रीय सेवा योजना के संचालक एवं शिक्षक संतोष गुप्ता ने शिविर के सात दिनों में किए गए कार्यों, उद्देश्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
*विजेताओं को पुरस्कार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण*
समापन अवसर पर शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों एवं प्रतिभागियों को पेन, मेडल एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मधुर प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिसकी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने सराहना की।
*अतिथियों का सम्मान और प्रेरक संदेश*
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से उपस्थित अतिथियों को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं से नशा-मुक्त समाज के निर्माण, शिक्षा के महत्व और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सात दिवसीय शिविर का समापन सामाजिक जागरूकता, सेवा और सकारात्मक परिवर्तन के संदेश के साथ हुआ, जिसने ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं की भूमिका को एक नई दिशा देने का कार्य किया।










