Surguja News Today

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में एनआरएलएम कैडर्स के लिए वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन !

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में एनआरएलएम कैडर्स के लिए वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन !

SHAIF FIRDOUSI
अंबिकापुर 09 जनवरी 2026 SNT NEWS आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में शुक्रवार को कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल के निर्देशन में केवरा क्लस्टर भवन में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत डेवलपमेंट पार्टनर माइक्रोसेव कंपनी द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें लखनपुर विकासखंड की एनआरएलएम कैडर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान माइक्रोसेव कंपनी के छत्तीसगढ़ राज्य समन्वयक श्री खगेंद्र कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए वित्तीय साक्षरता को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाया तथा बचत, बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग, डिजिटल भुगतान, बीमा, पेंशन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

SNT -NEWS

उन्होंने बताया कि सही वित्तीय योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। कार्यशाला में साइबर क्राइम और साइबर सुरक्षा पर विशेष चर्चा की गई। श्री खगेंद्र कुमार ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल व मैसेज, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा करने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. स्वेच्छा सिंह ने वित्तीय समावेशन एवं महिलाओं की वित्तीय सुरक्षा के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि साइबर अपराधों से स्वयं को सुरक्षित भी रख सकती हैं। कार्यशाला में एबीपी फेलो शुभिता शुक्ला, एनआरएलएम के बीपीएम श्री मनोज केसपोट्टा, एसी श्रीमती रूही सबा, एसी श्री अजय तिर्की, एफपीओ के सीईओ श्री सतीश सारथी, आईएफएस एंकर श्री शिवम पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज