
शासकीय हाई स्कूल कसकेला में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न
नशामुक्त समाज के लिए युवा विषय पर छात्राओं ने निभाई जागरूक भूमिका सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
भैयाथान/कसकेला:– शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अधिना सलका, विकासखंड भैयाथान, जिला–सूरजपुर (छ.ग.) के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई क्रमांक 111 द्वारा सत्र 2025-26 के अंतर्गत विशेष सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 22 दिसंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक शासकीय हाई स्कूल कसकेला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

शिविर का आयोजन एनएसएस संचालक शिक्षिका रीता गिरी के मार्गदर्शन में नशामुक्त समाज के लिए युवा विषय पर किया गया। सात दिनों तक चले इस शिविर में छात्राओं ने प्रभातफेरी, योग एवं पीटी, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति जागरूकता, परियोजना कार्य, बौद्धिक सत्र, जनसंपर्क गतिविधियाँ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन समारोह में जिला शिक्षा विभाग सूरजपुर के उपसंचालक रविन्द्र सिंह देव, जनपद पंचायत सदस्य कुंवर योगेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत कसकेला के सरपंच सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपसंचालक रविन्द्र सिंह देव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
जनपद पंचायत सदस्य कुंवर योगेंद्र प्रताप सिंह ने एनएसएस की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं में सेवा-भाव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में एनएसएस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
एनएसएस संचालक रीता गिरी ने शिविर के दौरान संपन्न सभी गतिविधियों का विस्तार से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेविकाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया तथा शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416









