
छत्तीसगढ़ लोकायुक्त विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो अम्बिकापुर ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करसी निवासी शुभम जायसवाल पिता पारसनाथ जायसवाल की शिकायत पर सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने लेखपाल पद पर नियुक्ति आदेश जारी करने के बदले 40 हजार रुपये की पहली किस्त ली थी। सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) द्वारा जिला सूरजपुर के विकासखंड रामानुजनगर, प्रेमनगर, सूरजपुर, भैयाथान एवं प्रतापपुर में छग सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 के तहत कुल 5 बहु उद्देशीय किसान उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया गया है।

इनमें क्रियान्वयन मार्गदर्शिका की कंडिका 10.3 के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी/ प्रबंधक तथा लेखपाल की 3 वर्षीय संविदा नियुक्ति का प्रावधान है। शुभम जायसवाल ने मां समलेश्वरी बहु उद्देशीय कृषक उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित, टुकुडांड (पं.क्र. 455), जिला सूरजपुर के लेखपाल पद के लिए आवेदन किया था। 01 दिसंबर 2025 को जारी पात्र-अपात्र सूची में उनका नाम पात्र सूची में आया। इसके बाद 5 दिसंबर 2025 को दक्षता परीक्षण, साक्षात्कार, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, टाइपिंग टेस्ट एवं इंटरव्यू के लिए आदेश जारी हुआ, जिसमें शुभम ने सफलतापूर्वक भाग लिया।चयन सूची जारी करने वाले प्राधिकृत अधिकारी सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी ने नियुक्ति आदेश जारी करने के एवज में शुभम से 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने अधिक राशि देने से इंकार किया, तो आरोपी ने 1 लाख रुपये पर अड़े। अंततः बातचीत के बाद 80 हजार रुपये पर सहमति बनी, जिसमें आज 40 हजार रुपये की पहली किस्त देने का वादा हुआ। आरोपी ने धमकी दी कि 17 दिसंबर 2025 तक पैसे नहीं लाएंगे तो किसी अन्य को नियुक्ति दे दी जाएगी। शिकायत मिलने पर एसीबी अम्बिकापुर ने जाल बिछाया। रात्रि 8:25 बजे शुभम 40 हजार रुपये लेकर आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं सूरजपुर के उपायुक्त सहकारिता कक्ष क्रमांक 01 पहुंचे। वहां उन्होंने आरोपी अभिषेक सोनी को रिश्वत की पहली किस्त सौंपी, जिसे आरोपी ने अपने जैकेट की जेब में रख लिया और नियुक्ति आदेश कल 18 दिसंबर 2025 को देने का आश्वासन दिया। तभी एसीबी टीम ने दबिश देकर अभिषेक सोनी को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर कार्यवाही जारी है, आरोपी से पूछताछ चल रही है। एसीबी अम्बिकापुर के उप पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुभम का टाइप शुदा आवेदन आज ही प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई।

Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









