Surguja News Today

BIG NEWS-बाघ के शिकार मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं करंट लगाकर किया गया शिकार पढ़िए किसने किया शिकार

करंट लगाकर बाघ का शिकार, सूरजपुर के घुई रेंज में मिला शव; नाखून-दांत गायब, अंतिम संस्कार किया गया

सूरजपुर(SNT NEWS): गुरु घासीदास–तैमोर–पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र में मिले बाघ के शव का मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बाघ की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने मामले को शिकार से जोड़ते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

सोमवार सुबह घुई वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 705 में एक बाघ मृत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। जांच के दौरान बाघ के नाखून और दांत गायब पाए गए, जबकि जबड़े और पीठ पर करंट से झुलसने के स्पष्ट निशान मिले।

मंगलवार को बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम कानन पेंडारी, बिलासपुर और सूरजपुर के पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। इस दौरान CCF वाइल्ड लाइफ सरगुजा एस. बेंकटाचलम, वाइल्ड लाइफ DFO श्रीनिवास तेन्नेटी तथा सूरजपुर DFO दुलेश्वर साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डॉक्टरों ने बताया कि हाई वोल्टेज करंट के संपर्क में आने से बाघ की मौत हुई है। मृत बाघ लगभग 8 वर्ष का नर था।

वन विभाग के अनुसार, जिस स्थान पर बाघ का शव मिला, वह सूरजपुर और बलरामपुर वन परिक्षेत्र की सरहद का इलाका है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए तरंगित तार बिछाया गया था, जिसे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार से जोड़ा गया था। इसी करंट की चपेट में आने से बाघ की जान गई।

बताया गया कि बाघ की मौत करीब चार दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन जानकारी सोमवार को मिली। इससे पहले भी इस इलाके में जंगली सूअर के शिकार के लिए करंट फैलाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। करीब डेढ़ साल पहले इसी तरह करंट की चपेट में आकर एक किसान की मौत भी हो चुकी है।

वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ जंगल और आसपास के गांवों में सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान शिकारियों द्वारा बिछाए गए कुछ तार भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।

सूरजपुर DFO दुलेश्वर साहू ने बताया कि एनपीसी (नेशनल पार्क कंजर्वेशन) की गाइडलाइन के अनुसार पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज