Surguja News Today

मरिज दर्द से तड़पता रहा डॉ॰ साहब महिला मित्र के साथ चल दिए। परिजनों का आरोप पढ़िए।

सलका PHC में डॉक्टर की लापरवाही का आरोप, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
राजेश गुप्ता सलका सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर
भैयाथान/सलका:– जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका (अधीन) में डॉक्टर की घोर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाज के लिए तड़पते मरीज को देखकर भी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अस्पताल छोड़कर निजी चिकित्सालय चले गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर 2025 को शाम करीब 6:23 बजे ग्राम कसकेला निवासी रवि यादव अपने पड़ोसी अजय विश्वकर्मा को गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका लेकर पहुंचे। मरीज तेज दर्द से कराह रहा था, लेकिन आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने न तो इलाज किया और न ही कोई समुचित जवाब दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डॉक्टर कुछ समय तक अस्पताल परिसर में रहे, फिर बिना कोई सूचना दिए अपनी महिला मित्र के साथ अस्पताल से बाहर निकल गए। इसके बाद वे अपने साथियों के साथ निजी चिकित्सालय चले गए, जहां मरीज अजय विश्वकर्मा को भी निजी इलाज के लिए ले जाया गया। इस दौरान सरकारी अस्पताल में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब यह स्पष्ट हुआ कि घटना के समय डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित थी, इसके बावजूद मरीज को छोड़कर निजी अस्पताल जाना सरकारी नियमों का खुला उल्लंघन है। पूरी घटना का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जो अब वायरल हो चुका है और स्थानीय मीडिया में भी प्रकाशित हुआ है।

इस मामले को लेकर आवेदक फिरोज खान ने जिला कलेक्टर सूरजपुर को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उपस्थित रहते तो मरीज की जान को खतरा नहीं होता।

शिकायत में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर जांच पूरी नहीं हुई, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका के सामने क्रमिक भूख हड़ताल एवं चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों को निजी अस्पतालों में मरीज ले जाने की खुली छूट है? और क्या स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करेगा, या मामला फाइलों में दबा दिया जाएगा?

फिलहाल, जिले की जनता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोग इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर नजर लगाए हुए हैं।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज