
रायपुर की शिक्षिका कामिनी साहू को राज्यपाल शिक्षक सम्मान
SHAIF FIRDOUSI
रायपुर। राज्यपाल माननीय श्री रमेंन डेका जी के कर कमलों से राजधानी रायपुर की शिक्षिका कामिनी साहू को राज्यपाल शिक्षक सम्मान पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चुने गए 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने शिक्षकों को श्रीफल, शाल और ₹21,000 की पुरस्कार राशि भेंट की। साथ ही प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


‘सुनहरे पंख’ से दी बालिका शिक्षा को उड़ान
कामिनी साहू राजधानी रायपुर के पीएमश्री पूर्व बुनियादी प्राथमिक विद्यालय, शंकर नगर खम्हारडीह में पदस्थ हैं। उन्होंने वर्ष 2019-20 में ‘सुनहरे पंख’ अभियान की शुरुआत कर बालिकाओं की शिक्षा के लिए घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित किया। उनके प्रयासों से विद्यालय में छात्राओं की संख्या 75 से बढ़कर 120 से अधिक हो गई।

उन्होंने न सिर्फ बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ा, बल्कि आत्मरक्षा, भ्रूण हत्या रोकथाम और यौन शोषण के प्रति जागरूकता भी फैलाई। उनके इस अभियान की सराहना मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के शिक्षकों ने की और इसे अपनाने का संकल्प भी लिया।
कोरोना काल में नवाचार
कोविड महामारी के दौरान भी कामिनी ने शिक्षा को रुकने नहीं दिया। उन्होंने बच्चों के लिए ‘बोलती कठपुतलियां’, बर्ड कोडिंग और कार्टून एनिमेशन के जरिए पाठ्यक्रम को रोचक बनाया। इससे बच्चों की भाषा और गणितीय कौशल में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

शिक्षा के साथ अन्य उपलब्धियां
कामिनी साहू ने एनआईटी रायपुर से बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद एमएससी और बीएड किया। इंजीनियर बनने के अवसर छोड़कर उन्होंने शिक्षा को अपना करियर चुना।
उनकी उपलब्धियां—
मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण अवार्ड 2020
जिज्ञासा फाउंडेशन स्कॉलर शिक्षक पुरस्कार (₹1 लाख)
छत्तीसगढ़ रत्न 2020
राष्ट्रीय शिक्षण उत्कृष्टता पुरस्कार
टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड
शिक्षा के अलावा उन्होंने मिसेज रायपुर 2016, मिसेज छत्तीसगढ़ 2017 और मिसेज इंडिया इंटरनेशनल कॉसमॉस 2022 में “ब्यूटी विद ब्रेन” का खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
कामिनी का संकल्प
सम्मान मिलने के बाद उन्होंने कहा—
“यह पुरस्कार मैं अपने माता-पिता और बेटी को समर्पित करती हूँ। मेरा लक्ष्य है कि पीएम श्री स्कूल में बच्चों को STEM टेक्नोलॉजी के जरिए तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समग्र विकास की ओर अग्रसर किया जाए।”
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









