
पीएम श्री सेजेस विद्यालय रामानुजनगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ एआई/एमएल इंटर्नशिप कार्यक्रम
रामानुजनगर, सूरजपुर।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामानुजनगर में दिनांक 18 अगस्त से 22अगस्त 2025 तक एआई/एमएल (Artificial Intelligence / Machine Learning) इंटर्नशिप कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस आठ दिवसीय (30 घंटे) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) भुवनेश्वर द्वारा, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ एवं पीएम श्री योजना के सहयोग से किया गया।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की मूलभूत समझ प्रदान करना था। प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों को एआई का परिचय, मशीन लर्निंग की अवधारणाएँ (Supervised एवं Unsupervised Learning), न्यूरल नेटवर्क का परिचय, समस्या समाधान हेतु प्रोग्रामिंग और एल्गोरिथ्म, पाइथन प्रोग्रामिंग, कंप्यूटर विज़न, एनएलपी, जेनरेटिव एआई एवं चैटबॉट निर्माण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री प्रकाश बिसी एवं सहायक श्री उमाशंकर आदित्य द्वारा किया गया। विद्यार्थियों को व्यवहारिक गतिविधियों जैसे चैटबॉट बनाना, मशीन लर्निंग मॉडल तैयार करना, पाइथन प्रोग्रामिंग अभ्यास एवं फ्लोचार्ट/एल्गोरिथ्म डिजाइन करना भी सिखाया गया।
कक्षा 10वीं से 12वीं तक के 50 विद्यार्थियों ने इस इंटर्नशिप में भाग लिया और उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम की सफलता में एनआईईएलआईटी छत्तीसगढ़ के इंचार्ज श्री अंजन कुमार झा का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रेमचंद सोनी ने कहा – “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि विद्यालय में इस स्तर का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इससे विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक समझने और उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला, जो निश्चय ही उनके करियर एवं व्यक्तित्व विकास में सहायक होगा।”
साथ ही विद्यालय के इंटर्नशिप इंचार्ज श्री इसरार हयात का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
निष्कर्षतः, यह एआई/एमएल इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग की बुनियादी समझ के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया।










