कॉलेज और ITI के महज 100 मीटर के दायरे में शराब दुकान ! ABVP ने खोला मोर्चा, 3 नवंबर को 500 विद्यार्थियों के साथ आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी..

कॉलेज और ITI के महज 100 मीटर के दायरे में शराब दुकान! ABVP ने खोला मोर्चा, 3 नवंबर को 500 विद्यार्थियों के साथ आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी

ओड़गी। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास शराब दुकान के संचालन को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला सूरजपुर इकाई ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ओड़गी मुख्य मार्ग पर शासकीय नवीन महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद ने अनुविभागीय दंडाधिकारी भैयाथान के नाम ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन में कहा कि महाविद्यालय एवं ITI जैसे शैक्षणिक संस्थानों के इतने नजदीक शराब दुकान का संचालन होना विद्यार्थियों के हित, सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है। इस समस्या को लेकर परिषद द्वारा पूर्व में भी 8 अक्टूबर 2026 को तहसीलदार ओड़गी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
जिला संयोजक विकास ठाकुर ने प्रशासन को दे दी स्पष्ट चेतावनी -इस अवसर पर ABVP सूरजपुर जिला संयोजक विकास ठाकुर ने कहा कि महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के मुख्य मार्ग के समीप संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस प्रकार की दुकान का संचालन विद्यार्थियों के हितों और शैक्षणिक वातावरण से जुड़ा गंभीर विषय है। विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। प्रशासन को तत्काल इस दिशा में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा विद्यार्थी परिषद 3 नवंबर को विद्यार्थियों के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
500 विद्यार्थियों के साथ होगा आंदोलन एवं चक्काजाम
विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की दिशा में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 3 नवंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे ओड़गी मुख्य मार्ग पर लगभग 500 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ चरणबद्ध आंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा। इसकी सूचना प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से दे दी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ABVP सूरजपुर जिला संयोजक विकास ठाकुर जी, जिला SFD प्रमुख निखिल गोयल जी, नगर मंत्री सेंटू गुप्ता जी, नगर मंत्री अभिषेक कुशवाहा जी, नगर सह मंत्री समर कुशवाहा जी, नगर सह मंत्री संदीप कुशवाहा, स्नेहिल गुर्जर, शिवम पाण्डेय, प्रियम गुर्जर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज