
जिला स्तरीय युवा संसद चैंपियनशिप का आयोजन 4 नवंबर को
अम्बिकापुर 30 अक्टूबर 2026 SNT NEWS-माय भारत सरगुजा के द्वारा जिला स्तरीय युवा संसद चैंपियनशिप का आयोजन 4 नवंबर को अम्बिकापुर के राजीव गांधी शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय में किया जाएगा।
युवा अधिकारी श्री प्रिंस सिंह ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत सरगुजा एवं राजीव गांधी शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संसद 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान, तार्किक चिंतन एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रतिभागी “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे तथा राष्ट्रीय महत्व के इस विषय पर अपने तर्कों एवं दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से रखेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना के लिए 17 अगस्त 2026 को निर्धारित कट-ऑफ तिथि माना जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, विचारों की स्पष्टता, संवाद शैली, रचनात्मकता, भाषा के प्रवाह तथा निर्धारित समय-सीमा के पालन के आधार पर किया जाएगा।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज 10वीं की अंकसूची एवं आधार कार्ड है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 3 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। मेरा युवा भारत सरगुजा द्वारा युवाओं से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई है। यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा।












