
सूरजपुर में खूनी ट्रैक्टरों का तांडव, दो दिन में दो मौतें, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
कुबेरपुर में गिट्टी लोड ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग किया जाम, क्रेशर हटाने और मुआवजे की मांग
*सूरजपुर/ओडगी:–* जिले में ट्रैक्टर हादसों का सिलसिला जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार दूसरे दिन ट्रैक्टर की चपेट में आने से दूसरी मौत ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और बस्तियों के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्ची की मौत हुई थी, वहीं शनिवार को चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में तेज रफ्तार गिट्टी लोड ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार चंद्रावती जायसवाल को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि बस्ती के भीतर संचालित क्रेशर को हटाया जाए, फरार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
दो दिनों में दो मौतों ने सड़क सुरक्षा के दावों और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बस्ती के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं है? तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए? क्या लोगों की जान जाने के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की सुध ली जाएगी, या फिर किसी और बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
लगातार हो रही मौतें केवल हादसों का आंकड़ा नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और जिम्मेदारों की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मुद्दा हैं। ग्रामीणों का आक्रोश इसी नाराजगी को जाहिर कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम जारी था।












